'उदयपुर फाइल्स' के निर्माता अमित जानी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज

HIGHLIGHTS
- फिल्म निर्माता अमित जानी ने दावा किया है कि नैनीताल जाते समय उन्हें व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी मिली।
- शिकायत के आधार पर रामपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामपुर। फिल्म निर्माता अमित जानी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस बार उन्होंने अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर रोहित गोदारा के एक कथित सहयोगी पर धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर रामपुर जिले के भोट थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नैनीताल जाते समय आया धमकी भरा वॉइस मैसेज
एफआईआर के मुताबिक, नोएडा निवासी अमित जानी बुधवार को नैनीताल जा रहे थे। रास्ते में वह रामपुर के हाईवे स्थित एक होटल पर भोजन के लिए रुके थे। इसी दौरान उनके व्हाट्सएप पर एक कॉल आई, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद उसी नंबर से एक वॉइस मैसेज भेजा गया।
अमित जानी का आरोप है कि वॉइस मैसेज में उन्हें फिल्म रिलीज न करने की चेतावनी देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि धमकी देने वाला व्यक्ति खुद को रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा बता रहा था।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
अमित जानी ने दावा किया कि उनकी फिल्म 'काला हिरण', जो 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले की पृष्ठभूमि पर आधारित है, को लेकर उन्हें पहले भी गैंगस्टर गोल्डी बरार और पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं।
इसके अलावा, कन्हैया लाल हत्याकांड पर बनी उनकी फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' को लेकर भी उन्हें पाकिस्तान से कथित तौर पर कई धमकी भरे कॉल और संदेश मिले थे। इन मामलों में उन्होंने देश के विभिन्न शहरों के थानों में शिकायत दर्ज कराई थी।
वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त
लगातार मिल रही धमकियों के मद्देनजर अमित जानी को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से वाई श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
भोट थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि फिल्म निर्माता की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता पहले भी अलग-अलग शहरों में धमकी मिलने की शिकायत दर्ज करा चुके हैं और उन्हें सरकारी सुरक्षा भी प्राप्त है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.