मुजफ्फरनगर कचहरी में 500 रुपये के लिए चाचा-भतीजे में मारपीट, जमकर चले लात-घूंसे

HIGHLIGHTS
- युवक लंबे समय से वहां चश्मे और गॉगल्स बेचता है।
- रकम को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया।
- दोनों ने एक-दूसरे के कपड़े खींचकर मारपीट की।
मुजफ्फरनगर कचहरी परिसर में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे महज 500 रुपये के लेनदेन को लेकर रिश्ते के चाचा-भतीजे आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच काफी देर तक मारपीट होती रही और लात-घूंसे चलते रहे। इस दौरान युवक के कपड़े भी फट गए। घटना का VIDEO भी सामने आया है।
मौके पर मौजूद लोगों और वकीलों ने दोनों को अलग कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक दोनों एक-दूसरे पर हमलावर रहे। बाद में लोगों ने दोनों को अलग कराकर मामला शांत कराया।
बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से कचहरी परिसर में चश्मे और गॉगल्स बेचता है। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे रिश्ते में चाचा लगने वाला करीब 65 वर्षीय व्यक्ति कचहरी पहुंचा। युवक की नजर उस पर पड़ी तो उसने पहले दिए गए 500 रुपये वापस मांगे।
उधार की रकम मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज होने लगी और बुजुर्ग ने युवक के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद युवक ने भी पलटकर बुजुर्ग पर हमला कर दिया।
देखते ही देखते दोनों के बीच कचहरी परिसर में जमकर हाथापाई होने लगी। दोनों एक-दूसरे के कपड़े खींचते हुए मारपीट करते रहे। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया। मारपीट होते देख आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
वकीलों और मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने दोनों को अलग कराने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद दोनों अलग हुए और उन्हें समझाकर विवाद शांत कराया गया। घटना को लेकर किसी पक्ष की ओर से पुलिस कार्रवाई की गई या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.