यूपी: जेन-जी और कॉकरोच पार्टी के आंदोलन पर सपा की नजर, हिंसा से बनाएगी दूरी

HIGHLIGHTS
- मैनपुरी सांसद डिंपल यादव समेत सपा के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली में चल रहे जेन-जी आंदोलन का समर्थन कर चुके हैं।
- अखिलेश यादव ने आईसा की अध्यक्ष नेहा बोरा की गिरफ्तारी पर चिंता जताई थी।
- पार्टी नेतृत्व को आशंका है कि आंदोलनों में भागीदारी का असर उसकी चुनावी राजनीति पर पड़ सकता है।
बांग्लादेश और नेपाल में हुए घटनाक्रमों की तर्ज पर देश में आंदोलन को लेकर दिए जा रहे बयानों के बीच समाजवादी पार्टी के भीतर मंथन चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी लोकतांत्रिक तरीकों की सीमा से बाहर जाकर होने वाले किसी आंदोलन का समर्थन करने के पक्ष में नहीं है। ऐसे में भविष्य में किसी आंदोलन का स्वरूप इस दायरे से बाहर जाता है, तो सपा उससे दूरी बना सकती है। पार्टी कॉकरोच पार्टी और जेन-जी आंदोलन की दिशा तथा उससे जुड़े विचारों पर भी नजर रख रही है।
दिल्ली के जेन-जी आंदोलन को सपा का समर्थन
समाजवादी पार्टी ने दिल्ली में चल रहे जेन-जी आंदोलन को पूरा समर्थन दिया है। मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी आंदोलन के समर्थन में सक्रिय रहे हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आईसा की अध्यक्ष नेहा बोरा की गिरफ्तारी पर भी चिंता जताई थी।
हालांकि, इसी आंदोलन के बीच बांग्लादेश में हुए घटनाक्रम से प्रेरणा लेने की बात भी सामने आई है। भाजपा इस मुद्दे को उठा रही है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि आंदोलन से जुड़े लोग देश को अराजकता की ओर ले जाना चाहते हैं।
आंदोलन में भागीदारी को लेकर सतर्क पार्टी नेतृत्व
उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने में जुटी है। लोकसभा में सांसदों की संख्या के लिहाज से सपा देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नेतृत्व इस बात को लेकर सतर्क है कि राष्ट्रीय राजधानी में हो रहे आंदोलनों में भागीदारी का उसकी चुनावी राजनीति पर कोई नकारात्मक असर न पड़े। पार्टी ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहती, जिसे उदार मतदाता गलत नजरिए से देखें। इस संबंध में कार्यकर्ताओं को भी सतर्क किया जा रहा है।
सपा ने कहा- लोकतांत्रिक विरोध का समर्थन
इस मुद्दे पर सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि दिल्ली में जेन-जी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रख रहा है और पार्टी इसका पूरा समर्थन करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आंदोलन को विदेश से वित्तपोषित बताकर युवाओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज करा रही है, जो पूरी तरह अनुचित है। राजेंद्र चौधरी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से किए जाने वाले विरोध का पूरा समर्थन करती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.