यूपी में आंगनबाड़ी-आशा वर्कर समेत इनका मानदेय बढ़ाएगी योगी सरकार, अनुपूरक बजट में घोषणा के आसार

HIGHLIGHTS
- वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश करेंगे।
- बजट में एक्सप्रेसवे, राज्य मार्ग और औद्योगिक विकास योजनाओं के लिए प्रावधान की उम्मीद है।
- मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना और धार्मिक पर्यटन से जुड़े प्रस्तावों पर भी नजर रहेगी।
लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी उत्तर प्रदेश सरकार मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी। इस बजट में बड़ी आबादी को साधने की कोशिश नजर आ सकती है। इसमें आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों व ग्राम चौकीदारों के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए व्यवस्था किए जाने की संभावना है।
इसके अलावा अनुपूरक बजट के जरिए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से जुड़ी कई योजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी है। युवाओं के लिए ‘युवा समग्र विकास योजना’ नाम से नई योजना की घोषणा होने की उम्मीद जताई जा रही है। अनुमान है कि इस अनुपूरक बजट का आकार 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
मंगलवार दोपहर 12.20 बजे वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना विधानसभा में और विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश करेंगे। इससे पहले बजट प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
चालू वित्तीय वर्ष के इस पहले अनुपूरक बजट के माध्यम से सरकार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने का प्रयास करती नजर आ सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, अनुपूरक बजट में सरकार चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए धनराशि की व्यवस्था कर सकती है। सड़क परियोजनाओं, खासकर नए लिंक एक्सप्रेसवे और एक्सप्रेसवे योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त बजट प्रावधान किए जाने की संभावना है।
राज्य मार्गों के लिए भी बड़ी धनराशि जारी होने की उम्मीद है। गंगा और अन्य एक्सप्रेसवे के दोनों ओर हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाओं पर भी ध्यान दिया जा सकता है।
बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक विकास की योजनाओं को गति देने की तैयारी हो सकती है। इसके अलावा धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में मथुरा और अन्य स्थानों के लिए भी धन आवंटन किया जा सकता है। वकीलों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने की व्यवस्था भी इस अनुपूरक बजट में किए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना में दो हजार रुपये की बढ़ोतरी के लिए अतिरिक्त धनराशि का आवंटन किए जाने की उम्मीद भी जताई जा रही है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों तथा ग्राम चौकीदारों के मानदेय में वृद्धि के लिए भी बजट में प्रावधान किया जा सकता है।
मूल बजट की थीम को आगे बढ़ाने की तैयारी
वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश सरकार ने 8.08 लाख करोड़ रुपये का मूल बजट और 24,496 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया था।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने 11 फरवरी को 9.12 लाख करोड़ रुपये का मूल बजट पेश किया था। यह बजट ‘सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान’ जैसी थीम पर आधारित था।
मंगलवार को पेश होने वाले चालू वित्तीय वर्ष के पहले अनुपूरक बजट में सरकार मूल बजट की इन्हीं प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने की कोशिश करती नजर आएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.