मुजफ्फरनगर के जग्गाहेड़ी टोल पर हंगामा, VHP-बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कराया टोल फ्री

HIGHLIGHTS
- मामला पानीपत-खटीमा हाईवे के शामली रोड स्थित जग्गाहेड़ी टोल का है।
- शुक्रवार सुबह करीब दर्जनभर बसों से कार्यकर्ता एक कार्यक्रम में पहुंचे थे।
- बसों को बिना टोल निकालने को लेकर मैनेजर और एक कार्यकर्ता में कहासुनी हुई।
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने टोल मैनेजर पर गाली-गलौज और बदसलूकी करने का आरोप लगाया।
विरोध के दौरान कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और टोल पर जाम लगा दिया। बढ़ते हंगामे के बाद टोल को फ्री करा दिया गया। करीब दो से तीन घंटे तक चले विरोध के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे और वाहनों को बिना टोल शुल्क के गुजरने दिया गया। यह मामला पानीपत-खटीमा हाईवे के शामली रोड स्थित जग्गाहेड़ी टोल का है।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह शामली की ओर से कार्यकर्ता एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब दर्जनभर बसों से मुजफ्फरनगर पहुंचे थे। बसों को बिना टोल शुल्क के निकालने को लेकर टोल मैनेजर और एक कार्यकर्ता के बीच कहासुनी हो गई। काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद बसों को बिना टोल दिए ही जाने दिया गया।
कार्यक्रम से लौटते समय फिर जुटे कार्यकर्ता
कार्यक्रम से वापस लौटते समय शुक्रवार शाम करीब 5 बजे कार्यकर्ता दोबारा एक साथ जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर पहुंचे। यहां उन्होंने पहले हुए विवाद को लेकर विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में टोल पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी।
कार्यकर्ताओं ने टोल फ्री कराने की मांग को लेकर सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया।
टोल परिसर में लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने टोल परिसर में ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। इसके साथ ही ‘बजरंग दल के चीते हैं, खुलकर जीते हैं’ के नारे भी लगाए गए। हंगामे के कारण टोल कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
सूचना मिलने पर फुगाना सीओ नरेंद्र यादव और थाना प्रभारी जयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
फिलहाल कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते टोल फ्री है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर मौजूद हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.