विजिलेंस ने वन विभाग के बीओ को 22 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- वन विभाग के पट्टा रेंज के बीओ को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।
- रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले दलाल नरेश को भी विजिलेंस ने पकड़ा।
- खैर के पेड़ों की कटाई की अनुमति की फाइल आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप है।
सोलन: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (विजिलेंस) ने वन विभाग के पट्टा रेंज में तैनात ब्लॉक अफसर (बीओ) को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि खैर के पेड़ों की कटाई की अनुमति से जुड़ी फाइल पर हस्ताक्षर करने और उसे आगे बढ़ाने के बदले बीओ ने ठेकेदार से रिश्वत की मांग की थी। इस मामले में रिश्वत की रकम बीओ तक पहुंचाने वाले दलाल को भी विजिलेंस ने गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस के अनुसार, पट्टा ब्लॉक में तैनात बीओ खैर के पेड़ों की कटाई की अनुमति वाली फाइल को आगे बढ़ाने में टालमटोल कर रहा था। ठेकेदार ने पटवारी स्तर से जरूरी अनुमति ले ली थी, लेकिन बीओ फाइल पर हस्ताक्षर करने में आनाकानी कर रहा था।
आरोप है कि बीओ ने दलाल नरेश के जरिए ठेकेदार से रिश्वत मांगी। दोनों के बीच 22 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। ठेकेदार ने इसकी जानकारी पहले ही विजिलेंस को दे दी थी।
विजिलेंस ने बिछाया जाल
शुक्रवार को विजिलेंस की टीम ने पट्टा क्षेत्र में जाल बिछाया। तय योजना के तहत ठेकेदार ने दलाल के माध्यम से रिश्वत की रकम बीओ तक पहुंचाई। इसी दौरान सिविल वर्दी में तैनात विजिलेंस टीम ने दोनों को पकड़ लिया और मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
दोनों को मौके पर पकड़ा गया
डीएसपी विजिलेंस अनिल कुमार ने बताया कि बीओ और दलाल को रिश्वत लेते हुए मौके पर पकड़ा गया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को सोलन स्थित अदालत में पेश किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.