नौणी विश्वविद्यालय में हंगामा, कुलपति ने खुद को कार्यालय में किया बंद; सुरक्षा के बीच बुलानी पड़ी पुलिस

HIGHLIGHTS
- संकाय सदस्यों ने अपनी मांगों और शिकायतों को लेकर मुलाकात की कोशिश की।
- कार्यालय के बाहर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के कारण उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली।
- इसके बाद फैकल्टी सदस्यों और कुलपति कार्यालय के बाहर माहौल गरमा गया।
सोलन। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विवि नौणी में सोमवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कुलपति डॉ. एचएस बवेजा के कार्यालय के बाहर फैकल्टी मेंबर्स ने हंगामा किया। सुरक्षा का हवाला देते हुए कुलपति ने कार्यालय का दरवाजा बंद कर लिया और खुद को अंदर बंद कर डीजीपी को फोन कर पुलिस बुला ली।
इस दौरान कुलपति कार्यालय के बाहर संकाय सदस्य मौजूद रहे और शोर करते रहे। करीब एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई। जानकारी के मुताबिक, चार फैकल्टी सदस्य और एचओडी अपनी मांगों और शिकायतों को लेकर कुलपति से मिलने पहुंचे थे। हालांकि, स्थिति को देखते हुए कुलपति ने पहले सुरक्षा गार्डों को बुलाया और फिर खुद को कार्यालय के अंदर बंद कर लिया।
मांगों पर सुनवाई नहीं होने का आरोप
संकाय सदस्यों का कहना था कि वे लंबे समय से कुलपति से मिलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं और मांगों पर उचित स्तर पर सुनवाई नहीं हो रही है। सोमवार को जब वे कुलपति से मिलने पहुंचे, तो कार्यालय के बाहर सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के चलते उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद माहौल गरमा गया।
कुलपति ने कहा- कार्यालय के बाहर हो रहा था शोर
विवि के कुलपति डॉ. बवेजा ने बताया कि करीब साढ़े दस बजे कुछ लोग कार्यालय के बाहर शोर कर रहे थे। सुरक्षा गार्ड ने उन्हें अंदर रहने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने मुख्य सचिव, डीजीपी और एसपी सोलन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है।
कुलपति ने कहा कि यदि उनसे मिलना होता है तो उसके लिए एक सिस्टम है और उसी का पालन करके मुलाकात की जाती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनकी मंशा क्या थी, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.