'योगी की पाती' के 50 सप्ताह पूरे, सीएम योगी ने कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन

HIGHLIGHTS
- 'योगी की पाती' के 50 सप्ताह पूरे होने पर सीएम योगी ने कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।
- वीमेन पॉवर लाइन (1090) परिसर में विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन किया गया।
- प्रदर्शनी में पाती के जरिए साझा किए गए संदेशों, विचारों और जनसरोकारों को प्रदर्शित किया गया।
'योगी की पाती' के 50 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास पर इस पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने वीमेन पॉवर लाइन (1090) परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। प्रदर्शनी में 'योगी की पाती' के जरिए प्रदेशवासियों तक पहुंचाए गए संदेशों, विचारों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को तस्वीरों और अन्य रचनात्मक माध्यमों के माध्यम से दर्शाया गया है।
कॉफी टेबल बुक में 'योगी की पाती' के 50 सप्ताह की यात्रा को क्रमवार संकलित किया गया है। सात दिवसीय आयोजन में प्रत्येक दिन की सांस्कृतिक संध्या 'योगी की पाती' की एक खास थीम पर आधारित होगी।
सोमवार को 'मिट्टी की पाती' के तहत किसान, खेती और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विषय शामिल किए गए। मंगलवार को 'बेटी की पाती' के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने की आकांक्षा रखने वाली बेटियों की आवाज को सामने रखा जाएगा। बुधवार की 'नौजवान की पाती' में रोजगार, मेहनत, कौशल और युवाओं के सपनों को केंद्र में रखा जाएगा।
बृहस्पतिवार को 'आस्था की पाती' में अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी। शुक्रवार को 'रफ्तार की पाती' के जरिए प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों, मेट्रो और औद्योगिक विकास के विस्तार को दिखाया जाएगा। शनिवार की 'सुकून की पाती' सुरक्षित यूपी, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा पर केंद्रित होगी। वहीं, रविवार को 'आपकी पाती' के तहत बीते दस वर्षों की यात्रा को गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाएगा।
आगे बढ़ने के लिए युवाओं को चाहिए अवसर और आधुनिक संसाधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के विकास को लेकर रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। इसके लिए उसे सिर्फ अवसरों और आधुनिक संसाधनों की जरूरत है। उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट दे चुकी है।
सोमवार को 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने के कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री ने लिखा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश के युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा। युवाओं की प्रतिभा को तकनीक से जोड़ने के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला है। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों की कमी किसी भी युवा की प्रतिभा के रास्ते में बाधा न बने और प्रदेश का हर नौजवान अपनी मेहनत के बल पर सफलता की नई कहानी लिख सके। मुख्यमंत्री ने टैबलेट प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को शुभकामनाएं भी दीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.