चतरा में बेलगाम हाईवा की चपेट में आने से युवक की मौत, ग्रामीणों ने की सड़क जाम

HIGHLIGHTS
- अरविंद सिंह को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था।
- रास्ते में ही अरविंद की मौत हो गई।
- हफुआ निवासी रतन सिंह की पत्नी और डोंडा निवासी मुकेश सिंह गंभीर घायल हैं।
झारखंड। सोमवार रात बेलगाम हाईवा की चपेट में आकर घायल हुए तीन लोगों में से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रंगवारा निवासी अरविंद सिंह के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल अरविंद को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसे में हफुआ निवासी रतन सिंह की पत्नी और डोंडा निवासी मुकेश सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज जारी है।
अरविंद सिंह की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हफुआ में सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण आवागमन प्रभावित रहा।
ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार हाईवा चालक के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन और कोयले की ढुलाई के दौरान वाहन मनमाने तरीके से दौड़ाए जाते हैं। उनका कहना है कि तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, तेज रफ्तार वाहनों की वजह से क्षेत्र में सड़क हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस के पहुंचने के बाद ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया गया।
एक दिन पहले सीआईएसएफ-सीसीएल ने की थी कार्रवाई
गौरतलब है कि सोमवार को ही सीआईएसएफ और सीसीएल ने चतरा के मगध परियोजना क्षेत्र में कोयला चोरी के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस दौरान पांच हाइवा जब्त किए गए थे और जंगल से करीब 250 टन अवैध कोयला बरामद किया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.