बोकारो स्टील प्लांट में गैस की चपेट में आने से दो कर्मियों की मौत

HIGHLIGHTS
- बोकारो के वेदांत इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में रविवार सुबह हादसा।
- गैस के संपर्क में आने से दो कर्मियों की मौत।
- मृतकों की पहचान सोहन महतो और समीर अंसारी के रूप में हुई।
बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में वेदांत इलेक्ट्रो स्टील प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आने से दो कर्मियों की मौत हो गई। हादसा रविवार सुबह चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के सियालजोड़ी थाना अंतर्गत प्लांट में हुआ। तबीयत बिगड़ने पर दोनों को नजदीकी हिल कैंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है।
ब्लास्ट फर्नेस-1 में ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सोहन महतो और समीर अंसारी ब्लास्ट फर्नेस-1 में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आ गए। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सियालजोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे की जांच में जुटा श्रम विभाग
घटना की जांच के लिए श्रम विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
कंपनी प्रबंधन ने जताया शोक
ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कंपनी के प्रवक्ता ने बयान जारी कर बताया कि प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें कंपनी के एक एग्जीक्यूटिव और बिजनेस पार्टनर के एक इंजीनियर की जान चली गई। दोनों को प्रारंभिक जांच के बाद अस्पताल ले जाया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.