जेलेंस्की पहुंचे सर्बिया, रूस ने कीव पर रातभर बरसाए ड्रोन और मिसाइलें

HIGHLIGHTS
- पैट्रियट मिसाइलों की घटती आपूर्ति पर चिंता
- रूस ने दागे 151 ड्रोन और 6 बैलिस्टिक मिसाइलें
- ब्रोवारी में तीन साल के बच्चे समेत परिवार के तीन सदस्यों की मौत
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की आधिकारिक दौरे पर सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड पहुंचे हैं। सर्बिया यूरोप के उन कुछ देशों में शामिल है, जिनके रूस के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। पिछले आठ वर्षों में यह पहली बार है जब यूक्रेन के किसी राष्ट्रपति ने सर्बिया का दौरा किया है। जेलेंस्की के सर्बिया पहुंचने के बीच रूस ने कीव और आसपास के क्षेत्रों में रातभर जोरदार हवाई हमले किए। इन हमलों में एक मासूम बच्चे और उसके दादा-दादी सहित चार लोगों की मौत हो गई।
कागजी प्रक्रिया में फंसी मिसाइलों की आपूर्ति
बेलग्रेड में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेलेंस्की ने रूस के हमलों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने बताया कि 2025 के मुकाबले 2026 में पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलों की सप्लाई कम हुई है। अमेरिका यूक्रेन में ही पैट्रियट इंटरसेप्टर के निर्माण की अनुमति देने के लिए तैयार हो गया है, लेकिन लाइसेंस से संबंधित कागजी प्रक्रिया में काफी समय लग रहा है। जेलेंस्की ने कहा कि पैट्रियट ही ऐसा एकमात्र सिस्टम है, जो बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट करने में सक्षम है।
वहीं, सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक ने जेलेंस्की का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने यूक्रेन को ‘मित्र राष्ट्र’ बताते हुए कहा कि सर्बिया उसकी क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करता है। रूस पर प्रतिबंध नहीं लगाने को लेकर यूरोपीय संघ सर्बिया पर लगातार दबाव डाल रहा है। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने यूरोपीय संघ में शामिल होने की कोशिशों और दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।
कीव में भारी तबाही, मासूमों समेत चार की मौत
रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने रातभर यूक्रेन पर 151 ड्रोन और छह बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। कीव के उत्तर-पूर्व में स्थित ब्रोवारी जिले में ड्रोन हमले के बाद एक घर पूरी तरह तबाह हो गया। इस घटना में तीन साल के बच्चे और उसके दादा-दादी की मौत हो गई। परिवार के तीन अन्य सदस्य और उनकी मदद के लिए पहुंचे एक पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राजधानी कीव में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए बैलिस्टिक मिसाइल हमले में एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई।
यूक्रेनी वायु सेना ने दावा किया कि उसने 135 ड्रोन को मार गिराया। पिछले महीने रूस की ओर से दागे गए करीब 9,000 ड्रोन और मिसाइलों में से यूक्रेन केवल 60 प्रतिशत को ही रोक सका। जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट करते हुए रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने और यूक्रेन की एंटी-बैलिस्टिक क्षमताओं को बढ़ाने की मांग की।
रूस के तेल संयंत्रों को यूक्रेन ने बनाया निशाना
यूक्रेन ने भी रूस के अंदर बड़े स्तर पर जवाबी हमला किया है। यूक्रेनी ड्रोन ने सीमा से करीब 800 किलोमीटर दूर समारा क्षेत्र में स्थित सिजरान तेल रिफाइनरी और क्रास्नोदार के इल्स्की तेल संयंत्र को निशाना बनाया। इल्स्की रिफाइनरी में ड्रोन का मलबा गिरने के बाद आग लग गई, जिसमें छह लोग घायल हो गए।
यूक्रेन के लगातार हो रहे हमलों के कारण रूस में ईंधन संकट की स्थिति और गंभीर होती जा रही है। इससे क्रेमलिन की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.