बिहार के सहरसा में गर्मी से 15 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी , 20 जिलों में हीट वेव का अलर्ट

सहरसा में गर्मी के चलते 15 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से 2 की हालत गंभीर है। सभी राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय की छात्राएं हैं। वे सभी स्कूल में पढ़ाई के दौरान छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ी।

सभी छात्राओं में उल्टी, दस्त और लूज मोशन की शिकायत मिलने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तांशु प्रिया और स्वीटी कुमारी की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।

इधर, बिहार के 20 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें दो जिलों में सीवियर हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। पिछले 24 घंटे में लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म जिला शेखपुरा रहा। बुधवार को यहां का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि राजधानी पटना का भी अधिकतम तापमान बुधवार को 43.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

21-22 अप्रैल को उत्तर बिहार में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में बिहार में मौसम सामान्य होने के आसार है। उत्तर बिहार के कई जिलों में 21-22 अप्रैल को बारिश की संभावना है। पटना में भी 22 अप्रैल के बाद तापमान में सुधार की आशंका जताई जा रही है।

शेखपुरा में 8वीं तक और मुजफ्फरपुर में 5वीं तक स्कूल बंद
बढ़ती गर्मी को देखते हुए शेखपुरा DM जे प्रियदर्शनी ने 1 से 8वीं क्लास तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। मुजफ्फरपुर में भी 5वीं तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। दोनों ही जगह 20 से 22 अप्रैल तक क्लास नहीं लगेंगी।

वहीं, राजधानी पटना में सभी स्कूल अब सुबह 10.45 बजे तक ही खोलने के आदेश दिए गए हैं। जबकि वैशाली-जहानाबाद में स्कूल सुबह 10.30 बजे तक लगेंगे।

औरंगाबाद में 5वीं तक के सभी स्कूल सुबह साढ़े 6 बजे खुलेंगे, साढ़े 9 बजे बंद हो जाएंगे। 6वीं से 12वीं तक के स्कूल साढ़े 6 बजे खुलेंगे और साढ़े 10 बजे बंद होंगे।

2 जिलों में सीवियर हीट वेव और 18 जिलों में हीट वेव

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को भी राज्य भर में लू जैसी परिस्थितियां बनी रहेगी। विभाग ने शेखपुरा और खगड़िया में सीवियर हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 18 जिलों में राजधानी पटना, सुपौल, बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय, बेगूसराय, नालंदा, नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद कैमूर और बक्सर में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here