केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) आज जमुई पहुंचे। उनके साथ उनके जीजा और जमुई से सांसद अरुण भारती भी थे। वह द्वारिका विवाह भवन में लोजपा रामविलास की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में भाग लेने आए थे।
इस कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया के कई सवालों का जवाब दिया। पत्रकारों ने चिराग पासवान से लालू यादव के उस बयान के बारे में पूछा जिसमें लालू यादव ने कहा था कि मोदी सरकार अगस्त में गिर जाएगी। इसपर चिराग पासवान ने करारा जवाब दिया।
मोदी सरकार गिरने वाले बयान पर चिराग का लालू को करारा जवाब
चिराग पासवान ने कहा कि राजद ने भरपूर प्रयास किया लेकिन परिणाम उनके सामने है। कितनी सीटों पर लड़े और कितनी सीटें उन्होंने जीतीं, ये हर कोई जानता है। ऐसे में उन्हें दोबारा प्रयास करने की जरूरत नहीं है। उन्हें आत्ममंथन करने की जरूरत है।
मोदी सरकार 5 साल मजबूती से चलेगी: चिराग पासवान
मैं अपनी सरकार की तरफ से उन्हें यकीन दिलाता हूं कि नरेंद्र मोदी की न केवल 5 साल मजबूती से चलेगी बल्कि इस 5 वर्षों में कई बड़े और कड़े फैसले लिए जाएंगे।
ये सभी फैसले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए जाएंगे जिनका समर्थन एनडीए का हर घटक दल करेगा। मैं अपनी तरफ से ही नहीं बल्कि एनडीए के सभी घटक दल की तरफ से मैं कहना चाहता हूं कि पूरा एऩडीए पूरी मजबूती से हमारे प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में एकजुट है।