मुजफ्फरपुर जिले में डीएम के जनता दरबार में बीते दिनों गुहार लगा रहे एक व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया था। जिसकी आज SKMCH में इलाज के दाैरान मौत हो गई है। बता दें कि देर शाम से मृतक की तबियत खराब होती जा रही थी।
घटना की जानकारी के बाद मृतक के परिजनों में चीख पुकार मच गई तो लोगों ने जमकर हंगामा किया और प्रशासन को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। मामले की जानकारी के बाद मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिम बृजेश कुमार डीएसपी नगर 2 विनीता सिंह और कांति थाने के पुलिस सहित कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा जताया।
मृतक 60 वर्षीय बिंदा लाल गुप्ता के पुत्र नीतीश कुमार ने बताया कि पिता बीते 4 साल से प्रखंड कार्यालय से लेकर थाना का चक्कर काट रहे थे। जमीन पर कब्जा दिलाने को लेकर अधिकारियों की लापरवाही से उनकी मौत हो गई। कांटी थाना की पुलिस और कांटी प्रखंड कार्यालय के अंचल अधिकारी सभी इस मामले को अगर गंभीरता से लिए होते तो शायद पिता की मौत नहीं होती।