पटना पिकनिक पर आए राहुल गांधी, बिहार की परवाह नहीं”- सम्राट चौधरी

पूर्वी भारत के चार प्रमुख राज्यों—बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल—के प्रतिनिधियों की 27वीं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक 10 जुलाई को रांची में आयोजित की जाएगी। यह बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होगी और इसे क्षेत्रीय विकास तथा परस्पर विवादों के समाधान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रांची पहुंचे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, राहुल गांधी पर साधा निशाना

बैठक में भाग लेने के लिए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार शाम रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बिहार दौरे को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बिहार से कोई लेना-देना नहीं है, वे सिर्फ “पॉलिटिकल पिकनिक” मनाने आते हैं।

चौधरी ने विपक्ष द्वारा बुलाए गए बिहार बंद को भी जनविरोधी और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि यह बंद चुनाव आयोग द्वारा शुरू किए गए मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के खिलाफ बुलाया गया था, जबकि इस अभियान को राज्य के चार करोड़ से अधिक मतदाताओं ने समर्थन दिया है। विपक्ष, जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।

झारखंड सरकार पर भी बोले सम्राट चौधरी

चौधरी ने झारखंड की राजनीतिक स्थिति पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि वहां की यूपीए गठबंधन सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है, तो संबंधित नेताओं को नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। लोकतंत्र में जवाबदेही आवश्यक है और इसके लिए सीधे जनता के बीच जाकर उत्तर देना चाहिए।

संपत्ति विवाद और क्षेत्रीय समन्वय पर होगा फोकस

डिप्टी सीएम ने बताया कि परिषद की बैठक में बिहार और झारखंड के बीच लंबे समय से चल रहे संपत्ति बंटवारे से जुड़े विवाद पर चर्चा की जाएगी। इस मुद्दे को सुलझाने के लिए एक संयुक्त समिति के गठन का प्रस्ताव रखा जाएगा, ताकि समझौते की दिशा में ठोस पहल की जा सके।

उन्होंने कहा कि यह बैठक न सिर्फ विवादों के समाधान में मील का पत्थर साबित हो सकती है, बल्कि इसका उद्देश्य क्षेत्रीय समन्वय, प्रशासनिक सुधार, आधारभूत संरचना के विकास और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here