सुपौल में शनिवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का त्यौहार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों में उत्साह साफ देखा गया। सुबह से ही लोग नजदीकी मस्जिद और ईदगाह की ओर नमाज के लिए पहुंचे। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन अपने परिवार के साथ सुपौल जिला मुख्यालय के ईदगाह मैदान में नमाज अदा करने पहुंचे। उनके साथ उनका छोटा बेटा आरिज हुसैन भी मौजूद था। वह शुक्रवार रात ही सुपौल पहुंचे थे। नमाज के बाद सैयद शाहनवाज ने लोगों से गले मिलकर और हाथ मिलाकर बकरीद की शुभकामनाएं दीं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने इस पर्व को ईसार और कुर्बानी का पर्व बताते हुए देशवासियों के लिए अमन-चैन और समृद्धि की कामना की।

नमाज के बाद लाउडस्पीकर से यह भी अपील की गई कि वक्फ कानून के खिलाफ आंदोलन में अधिक से अधिक लोग शामिल हों। बताया गया कि 29 जून को पटना के गांधी मैदान में इस कानून के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जानकारी इमारत-ए-सरिया ने दी है। इस घोषणा के दौरान पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन भी ईदगाह मैदान में मौजूद थे, लेकिन इस विषय पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार किया।