नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास पर 8 सितंबर को एनडीए सांसदों के लिए डिनर का आयोजन प्रस्तावित था, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया है।

यह डिनर चुनाव से एक दिन पहले एनडीए नेताओं की बैठक जैसा माना जा रहा था। हालांकि, अब इसे स्थगित कर दिया गया है। इसके पीछे बड़ी वजह उत्तर भारत में बाढ़ से बनी गंभीर स्थिति बताई जा रही है। विशेषकर पंजाब इस समय सबसे ज्यादा प्रभावित है। इसी कारण पार्टी स्तर पर यह फैसला लिया गया।

इसी दिन भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पर भी नेताओं के लिए डिनर का आयोजन होना था, जिसे आपदा की परिस्थिति देखते हुए रद्द कर दिया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की चिंता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशभर में लगातार बारिश, बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से हुई तबाही पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि इस वर्ष मानसून के दौरान आई प्राकृतिक आपदाओं की खबरें हर बार पीड़ा देती हैं। पहाड़ों में बादल फटने और मैदानों में बाढ़ ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, असम समेत कई राज्यों में जनहानि और विनाश का कारण बनी हैं।