नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से न केवल लोगों की परेशानी बढ़ी है, बल्कि जंगली जानवर भी अपने प्राकृतिक आवास छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। हाल ही में बाढ़ के कारण एक दुर्लभ अफ्रीकी छिपकली मयूर विहार-1 मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गई। लोगों ने इसे देख हड़कंप मचा दिया।
मेट्रो स्टेशन के कर्मचारियों ने तुरंत वाइल्डलाइफ टीम को सूचित किया। वाइल्डलाइफ SOS के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची और छिपकली को सुरक्षित बाहर निकालकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।
यमुना का जलस्तर और बाढ़ की स्थिति
दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर रविवार सुबह आठ बजे यमुना का जलस्तर 205.56 मीटर दर्ज किया गया, जो निकासी के लिए निर्धारित 206 मीटर के स्तर से नीचे है। खतरे का निशान 205.33 मीटर और चेतावनी का स्तर 204.50 मीटर है। यह पुल नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के जोखिम पर निगरानी के लिए प्रमुख बिंदु है।
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी राहत शिविर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और मयूर विहार इलाकों में लगाए गए हैं। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, हथिनीकुंड बैराज से 51,335 क्यूसेक और वजीराबाद बैराज से लगभग 73,280 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। पानी को दिल्ली पहुंचने में लगभग 48 से 50 घंटे लगते हैं। ऊपरी इलाकों से पानी की कम रिहाई के कारण भी जलस्तर में वृद्धि जारी है।