नई दिल्ली। ‘लैंड फॉर जॉब’ घोटाले की सुनवाई दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में हुई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी भी पेश हुए। इस दौरान लालू यादव व्हीलचेयर पर कोर्ट पहुंचे, जबकि उनकी सांसद बेटी मीसा भारती भी उनके साथ उपस्थित रहीं।

अदालत ने दोनों की स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें व्यक्तिगत पेशी से स्थायी छूट दे दी है। अब उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही अदालत में उपस्थित होना होगा, जब तक कि कोर्ट विशेष रूप से व्यक्तिगत हाज़िरी का आदेश न दे।

कोर्ट रूम में न्यायाधीश द्वारा आरोपों की औपचारिक जानकारी देने के बाद जब लालू प्रसाद यादव से पूछा गया कि क्या वे आरोप स्वीकार करते हैं, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “आरोप स्वीकार नहीं, हम मुकदमे का सामना करेंगे।”

दोनों के वकीलों ने अदालत को जानकारी दी कि उनकी सेहत नियमित रूप से ठीक नहीं रहती, जिसे कोर्ट ने मान्यता दी। अदालत ने स्वास्थ्य कारणों के आधार पर स्थायी छूट प्रदान करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश होने की अनुमति दी।