भिवानी। पैरा पावर लिफ्टिंग के राष्ट्रीय खिलाड़ी रोहित धनखड़ हत्याकांड के आरोपियों को भिवानी पुलिस ने बैंगलुरू से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार ने दी। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को भिवानी ले जाया जा रहा है और देर रात तक उनकी वहां पहुंचने की संभावना है। डीजीपी हरियाणा ओपी सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
मृतक रोहित धनखड़ (27) अपने दोस्त जतिन के साथ शादी समारोह में भाग लेने भिवानी के गांव रेवाड़ी खेड़ा गए थे। वहां उनकी तिगड़ाना गांव के युवकों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते कार में सवार रोहित और जतिन पर हमला किया गया। जतिन बचे, जबकि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए और पीजीआई में इलाज के बाद दो दिन बाद उनकी मौत हो गई।
भिवानी पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों और कुल 20 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। 16 दिन तक आरोपियों को पकड़ने में पुलिस असफल रही। इसी के चलते शनिवार को रोहतक में जाट भवन में सर्व खाप पंचायत बुलाई गई थी।
पुलिस ने अब आरोपियों तरुण, वरुण और दीपक को कर्नाटक के बैंगलुरू से गिरफ्तार कर भिवानी के लिए रवाना कर दिया है। बाकी आरोपी भी जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। डीजीपी हरियाणा ओपी सिंह ने कहा कि सातों आरोपी जल्द जेल में होंगे।
इस बीच, मृतक के परिजनों ने पुलिस की ढीली कार्रवाई पर नाराजगी जताई थी। आज दोपहर 12 बजे भिवानी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसमें रोहित धनखड़ हत्याकांड की ताजा जानकारी मीडिया को दी जाएगी।