पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड’ कहने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए सत्ता में थी, तब भारत ने संभावनाओं के ‘मृत दशक’ का सामना किया, जबकि बीते ग्यारह वर्षों में देश ने प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुआ है।
ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अक्सर ऐसे बयानों को बढ़ावा देते हैं जो देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और 6.5 फीसदी की विकास दर से आगे बढ़ रहा है। डिजिटल लेन-देन के क्षेत्र में भारत की वैश्विक हिस्सेदारी 48% से अधिक है, जो अन्य देशों से काफी आगे है। मोदी सरकार के दौरान करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है, जो सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की स्पष्ट मिसाल है।
भगवा आतंकवाद का नैरेटिव एक राजनीतिक साजिश: ठाकुर
मालेगांव बम धमाके से जुड़े मामले में सभी आरोपियों को एनआईए कोर्ट से बरी किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने इसे ‘सत्य की विजय’ बताया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के सिद्धांत पर आधारित है और इसे आतंकी विचारधारा से जोड़ना अन्यायपूर्ण है।
ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि सत्ता और वोट बैंक की राजनीति के लिए भगवा आतंकवाद का झूठा विमर्श रचा गया था, जिससे निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमे थोपे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी योजना देश की बहुसंख्यक आस्थाओं को चोट पहुंचाने और सनातन संस्कृति को बदनाम करने की मंशा से की गई थी। एनआईए कोर्ट का निर्णय यह स्पष्ट करता है कि यह एक पूर्वनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र था, जिसमें कुछ बड़े कांग्रेस नेताओं की भूमिका भी सामने आती है।