पंजाब के फगवाड़ा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां डीएसपी योगेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे सदर थाना फगवाड़ा के पास स्थित उनके सरकारी आवास में हुई।
बताया जा रहा है कि गोली उनके सीने में लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत जालंधर के जोहल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
55 वर्षीय डीएसपी योगेश कुमार हाल ही में एएनटीएफ पंजाब से ट्रांसफर होकर चंडीगढ़ में तैनात हुए थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय वे अपनी सरकारी रिवॉल्वर की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और वह सीधे उनकी छाती में लग गई।
एसपी फगवाड़ा माधवी शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटनावश गोली चलने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना के समय डीएसपी के परिवार के सदस्य—पत्नी, माता-पिता, बेटा और बेटी—भी घर पर मौजूद थे। घटना से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है और मामले की जांच जारी है।