जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) से सटे देगवार सेक्टर में शुक्रवार शाम एक संदिग्ध विस्फोट की घटना सामने आई, जिसमें एक छह वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब पांच बजे देगवार सेक्टर के तारबंदी के आगे स्थित नकरकोट गांव के पास कुछ बच्चे अपने घर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर छह वर्षीय राजवान अहमद, पुत्र मकबूल हुसैन, गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू रेफर

विस्फोट की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को तुरंत राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल, पुंछ ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज, जम्मू रेफर कर दिया।

जांच में जुटी एजेंसियां

घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। फिलहाल विस्फोट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और इसे संदिग्ध घटना के रूप में देखा जा रहा है। मामले की गहन जांच जारी है।

प्रशासन ने लिया मौके का जायजा

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायल बच्चे के परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।