जम्मू कश्मीर की पांच लोकसभा सीटों पर आज जनता के बहुमत का फैसला आएगा। सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती जारी है। क्या जम्मू में दो सीटों पर फिर जीत की हैट्रिक लगा पाएगी भाजपा या कांग्रेस इस बार बदलेगी खेल। कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस होगी फिर विजयी या पीडीपी, नई पार्टियां को मिलेगा जनता का साथ।
उमर अब्दुल्ला ने हार की स्वीकार, बारामुला सीट के लिए इंजीनियर राशिद को दी बधाई
बारामुला सीट पर उमर अब्दुल्ला ने हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इंजीनियर राशिद को बधाई दी है।
महबूबा दो लाख, उमर अब्दुल्ला-रमन भल्ला एक-एक लाख वोटों से पीछे
अनंतनाग लोकसभा सीट पर महबूबा मुफ्ती दो लाख से अधिक वोटों से पीछे चल रही हैं। इस सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ सुबह से ही बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, बारामुला सीट पर उमर अब्दुल्ला और जम्मू सीट पर रमन भल्ला एक-एक लाख से अधिक वोटों से पीछे चल रहे हैं। बारामुला सीट पर इंजीनियर राशिद सुबह से ही बढ़त बनाए हुए हैं। जम्मू सीट पर भाजपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

उधमपुर सीट पर चौधरी लाल सिंह 50 हजार वोटों से पीछे चल रहे
उधमपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी चौधरी लाल सिंह 53522 वोटों से पीछे चल रहे हैं। वह दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें 201860 वोट हासिल हो चुके हैं। इस सीट पर गुलाम नबी आजाद की पार्टी डीपीएपी के प्रत्याशी जीएम सरूरी तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें 17269 वोट मिल चुके हैं। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी पहले स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें 2,55,382 मिल चुके हैं।
श्रीनगर सीट पर पीडीपी के वाहिद पर्रा एक लाख वोटों से पीछे
श्रीनगर लोकसभा सीट पर पीडीपी के उम्मीदवार वाहिद पर्रा 1,03,521 वोटों से पीछे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 80572 वोट हासिल हुए हैं। वह दूसरे स्थान पर हैं। इस सीट पर अपनी पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद अशरफ मीर तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें 38,332 वोट मिले हैं। इस सीट पर नेशनल कांफ्रेंस (जेकेएनसी) के प्रत्याशी रुहुल्ला मेहदी सबसे आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 1,84,093 वोट मिल चुके हैं।
जम्मू सीट पर रमन भल्ला 78 हजार वोटों से पीछे
जम्मू लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रमन भल्ला 78,221 वोटों से पीछे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 3,72,514 वोट मिले हैं। वह दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के जगदीश राज इस सीट पर तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें अब तक 7064 वोट मिले हैं। इस सीट पर भाजपा के उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा पहले स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें अब तक 4,50,735 वोट मिल चुके हैं।
अनंतनाग-राजोरी सीट पर अपनी पार्टी के जफर इकबाल 2 लाख वोटों से पीछे
अनंतनाग-राजोरी सीट पर अपनी पार्टी के जफर इकबाल मन्हास 2,44,851 वोटों से पीछे चल रहे हैं। वह तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें अब तक 65437 वोट मिले हैं। इस सीट पर भाजपा ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। भाजपा ने भी अपनी पार्टी को समर्थन दिया है।
महबूबा मुफ्ती दूसरे स्थान पर, मियां अल्ताफ सबसे आगे
इस सीट पर दूसरे स्थान पर पीडीपी की महबूबा मुफ्ती हैं। उन्हें अब तक 144776 मिल चुके हैं। इस सीट पर सबसे आगे नेशनल कांफ्रेंस (जेकेएनसी) के मियां अल्ताफ हैं। वह 165512 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अबतक 3,10,288 मिल चुके हैं।
बारामुला सीट पर सज्जाद लोन तीसरे स्थान पर चल रहे
बारामुला लोकसभा सीट पर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें अबतक 57836 वोट मिले हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (जेकेएनसी) के उमर अब्दुल्ला हैं। उन्हें 82640 वोट मिल चुके हैं। इस सीट पर जेल में बंद इंजीनियर राशिद सबसे आगे हैं। वह 68933 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 1,51,573 वोट मिल चुके हैं।
राउंड-वार परिणाम की हो रही घोषणाएं
उधमपुर संसदीय क्षेत्र के लिए जीडीसी कठुआ में मतगणना हो रही है। प्रशासन का कहना है कि चुनाव मीडिया केंद्र में अस्पष्टता के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी गई है। केंद्र एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन और पीएएस के माध्यम से राउंड-वार परिणाम की घोषणाएं की जा रही हैं। मतगणना के रुझानों की स्पष्ट जानकारी प्रदान की जा रही है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के पूर्व नेता हैं हनीफा
भाजपा ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में यह सीट जीती थी। कांग्रेस ने यह सीट सबसे अधिक छह बार जीती है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के पूर्व नेता हनीफा ने कांग्रेस द्वारा इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार के रूप में नामग्याल को मैदान में उतारने के बाद अपनी पूरी कारगिल इकाई के साथ पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद वह स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे। हनीफा शिया मुस्लिम बहुल कारगिल क्षेत्र से एकमात्र उम्मीदवार हैं।
लद्दाख में आजाद उम्मीदवार हनीफा 15535 वोटों से आगे,
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की एकमात्र लोकसभा सीट पर स्वतंत्र उम्मीदवार मोहम्मद हनीफा 15535 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 28534 वोट मिल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के प्रत्याशी सेरिंग नामग्याल दूसरे स्थान पर हैं। उन्हें 12999 वोट मिल चुके हैं। भाजपा प्रत्याशी ताशी ग्यालसन तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें 11335 वोट मिल चुके हैं। नोटा को लद्दाख में अब तक 421 वोट मिल चुके हैं।