जम्मू। जम्मू कश्मीर में आतंकवाद को शह दे रही पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी का दायरा बढ़ा रही है। पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा, बारामूला सेक्टरों के साथ सोमवार देर रात को जम्मू जिला के अखनूर सेक्टर में भी गोलीबारी की है।

पहलगाम में आतंकी हमले से उपजे हालात में पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में लगातार पांचवीं रात नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। ऐसे में सीमा पार से गोलीबारी, घुसपैठ जैसी साजिशों को नकारने के लिए कड़ी सर्तकता बरतने के साथ सेना पहाड़ी जिलों में सक्रिय आतंकवादियों को मार गिराने के लिए भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर रही है।

सेना ने भी गोलीबारी का दिया जवाब

जम्मू के पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि को पाकिस्तान की ओर से अकारण गोलीबारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों में भारतीय सेना ने उकसावे के लिए की गई इस गोलीबारी का संतुलित व प्रभावी तरीके से जवाब दिया। उन्होंने सीमा पार से भारतीय इलाकों पर की गई इस गोलीबारी में किसी प्रकार का कोई नुकसान होने से इंकार किया है।

दुश्मन की हर गतिविधि पर पैनी नजर

इसी बीच जम्मू कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा व नियंत्रण रेखा पर दुश्मन की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने वाले सीमा सुरक्षा बल के प्रहरियों व सेना के जवानों का मनोबल उंचा है।

पाकिस्तानी सेना की किसी भी प्रकार की साजिश का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए अपने सुरक्षा के ग्रिड को पुख्ता बनाने के साथ सीमांत वासियों को चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

इसके साथ प्रदेश के कई अंदरूनी इलाकों में आतंकियों को मार गिराने के लिए सेना, सुरक्षाबलों का बड़े पैमाने पर अभियान भी जारी है। सेना, सुरक्षाबल मिल रही हर खुफिया जानकारी एक दूसरे से साझा कर प्रदेश में सक्रिय आतंकियों व उनके लिए काम करने वाले ओवर ग्राउंड वर्करों को उनकी बिलों से बाहर निकालने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

सुरक्षा ग्रिड को पुख्ता बना रही है सेना

सूत्रों के अनुसार इस समय उत्तरी कमान की पंद्रह व सोलह कोर के फील्ड कमांडर नियंत्रण रेखा पर सेना की ऑपरेशनल तैयारियों को तेजी देने की मुहिम पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। सीमा पार तैनाती बढ़ाने वाले दुश्मन से दो कदम आगे रहने के लिए पक्के प्रबंध किए जा रहे हैं।

इसके साथ जम्मू में 192 किलोमीटर अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के लिए सीमा सुरक्षा बल भी पूरी मुस्तैदी बरत रही है। सीमा सुरक्षा बल के पीछे दूसरी पंक्ति में तैनात सेना की पश्चिमी कमान की रायजिंग स्टार कोर बेहतर समन्वय के साथ सुरक्षा के ग्रिड को पुख्ता बना रही है।