ओंकारेश्वर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देर रात से ही बड़ी संख्या में भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से चतुर्थ ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर, इस दिन विशेष रूप से भक्तों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। भक्त बाबा के दरबार में शामिल होने और आशीर्वाद पाने के लिए उत्साह से दर्शन की प्रतीक्षा करते दिखे।

सुबह 3 बजे से शुरू हुआ दर्शन-पूजन

मंदिर में सुबह 3 बजे से ही दर्शन और पूजन का क्रम शुरू हो गया। श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। कई भक्त मां नर्मदा में स्नान कर हाथों में जल और पूजन सामग्री लेकर आए, ताकि भगवान को जल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।

जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरा मंदिर परिसर “बोल बम” और “भोले शंभु” के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों के बीच उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे।

फूलों और सजावट से रोशन मंदिर परिसर

इस खास पर्व पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजा गया। मनमोहक सजावट ने श्रद्धालुओं की आस्था को और प्रगाढ़ किया। पूरे क्षेत्र में महाशिवरात्रि का उत्सव और आध्यात्मिक माहौल महसूस किया जा सकता है।