अनूपपुर जिले के करनपठार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गिट्टी लेने जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब के पास पलट गया, जिसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सभी लोग करंजिया (डिंडोरी) से अनूपपुर जिले के पौनी स्थित क्रेशर से गिट्टी लेने के लिए निकले थे। जब ट्रैक्टर क्रेशर से करीब तीन किलोमीटर पहले ठाढ़ पाथर तालाब के पास पहुंचा, तभी वह अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर का इंजन सीधे सवारों पर गिर गया और चारों लोग उसके नीचे दब गए।

ट्रैक्टर में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंकुश उईके (24), बृजेश पेंद्रो (20), चंद्र प्रकाश मार्को (18) और रविंद्र कुमार गोयल (30) के रूप में हुई है। सभी डिंडोरी जिले के भीमकुंडी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही करनपठार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर हटाकर शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए बेनीबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।

घटना की खबर मिलते ही मृतकों के गांव में मातम पसर गया। परिजन मौके पर पहुंचकर रो-रोकर बेहाल हो गए। बताया गया कि सभी युवक आपस में दोस्त थे और अक्सर साथ मिलकर मजदूरी या काम की तलाश में निकलते थे।