जालंधर रूरल पुलिस ने करीब सवा किलो अफीम समेत 2 तस्करों को अरेस्ट किया है। यह तस्कर नाइट कर्फ्यू में यानी रात 11 बजे मारूति स्विफ्ट कार में अफीम की डिलीवरी देने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो एक ने पैंट के अंदर एक किलो अफीम छुपा रखी थी तो दूसरे ने जेब में रखी थी। पुलिस ने NDPS एक्ट का केस दर्ज कर तस्करों को अरेस्ट कर लिया।
ASI मनोज कुमार की टीम ने शाहकोट के कावां वाला पत्तन में सतलुज दरिया पुल पर नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान मोगा के धर्मकोट से आती कार PB05AK-6019 को रोका गया। इसमें दाे युवक बैठे हुए थे। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो मोगा के कोट इसे खां थाने के गांव तलवंडी नौ बहार के कारज सिंह की पहनी पैंट की डब से एक किलो अफीम निकली। उसने अफीम को लिफाफे में भरकर अंदर रखा हुआ था। इसी के गांव के कार सवार दूसरे तस्कर गुरसाब सिंह की पैंट की जेब की तलाशी ली गई तो 300 ग्राम अफीम बरामद हुई।
मामले में कार्रवाई कर रहे सब इंस्पेक्टर बलकार सिंह ने बताया कि आरोपी अफीम कहां से लेकर आए और किसे डिलीवरी देने के लिए जा रहे थे, इसके बारे में उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की क्रिमिनल हिस्ट्री चैक करने के साथ उनसे जुड़े दूसरे तस्करों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।