पंजाब की भगवंत मान सरकार ने भ्रष्टाचार में लिप्त 52 पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। इसमें कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर रैंक के कर्मचारी शामिल हैं। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग में कोई भी काली भेड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दो दिन पहले मुक्तसर के डीसी को भी निलंबित किया गया था।

पंजाब पुलिस पुलिस सिटीजन फ्रेंडली सिसटम लागू रही है। पुलिस की तरफ से पहले 43 सेवाएं ऑनलाइन मुहैया करवाई जाती थी। वहीं, इसका दायरा अब बढ़ाया जाएगा। इसमें 60 के करीब सेवाओं को शामिल किया जाएगा। पुलिस अब मोटर व्हीकल चोरी ई एफआईआर सिस्टम शुरू करने जा रही है। इसे एक महीने में लागू किया जाएगा। इसके लिए एक राज्य स्तरीय ई पुलिस थाना नोटिफाई किया जाएगा।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार के बाद से पंजाब में पार्टी सख्त कार्रवाई करने के मूड में है और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चला रही है। पिछले दिनों सीएम भगवंत मान ने बड़े अधिकारियों को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। पंजाब सरकार ने सभी डीसी, एसडीएम, एसएसपी और एसएचओ को आदेश जारी कर कहा है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाएं। जो अधिकारी ऐसा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।