पंजाब में गुरुवार को केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर आयोजित होने वाले भाजपा कैंपों से पहले ही कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जालंधर, अमृतसर, लुधियाना और पठानकोट सहित कई जिलों में हुए इस घटनाक्रम के बाद पार्टी कार्यकर्ता भड़क उठे और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को खुली चुनौती दी है। उन्होंने ऐलान किया कि 22 अगस्त को अबोहर के रायपुर गांव में दोबारा कैंप लगाया जाएगा, वहीं, जहां से गुरुवार को पुलिस ने पार्टी नेताओं को उठाया था। जाखड़ ने कहा कि वे स्वयं इस कैंप में मौजूद रहेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार गरीबों को केंद्र की योजनाओं का लाभ नहीं लेने देना चाहती। जाखड़ ने कहा, “यह हमला भाजपा कार्यकर्ताओं पर नहीं बल्कि पंजाब के उन गरीबों पर है, जिनके लिए ये कैंप लगाए जाते हैं। राज्य सरकार गरीबों के लिए कुछ नहीं कर रही और उल्टा केंद्र की योजनाओं के लाभ को भी रोक रही है।”
अबोहर तहसील के बल्लुआना विधानसभा क्षेत्र के रायपुरा गांव से भाजपा जिला अध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कंबोज और वंदना सांगवान को गिरफ्तार किया गया। जाखड़ ने कहा कि अगले दिन वे खुद इसी गांव में कैंप लगाएंगे। उन्होंने दावा किया कि लोकतंत्र विरोधी कदम उठाकर भाजपा की गतिविधियों को रोका नहीं जा सकता।