पठानकोट : प्रसिद्ध शायर व कवि राजेंद्र नाथ रहबर का रविवार देर रात निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। रहबर ने बीती देर शाम दिल्ली में अंतिम सांस ली। वहीं उनके निधन से लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। राजेंद्र नाथ रहबर के लिखे गीत, नज्म और गजलों को कई बॉलीवुड फिल्मों में गाया जा चुका है। रहबर की लिखी नज्म 'तेरे खुशबू में बसे खत मैं जलाता कैसे..' को दुनियाभर में सराहना मिली थी।
बता दें कि राजिंदर नाथ रहबर अपने 40 साल के करियर में कई मुकाम हासिल किए। उन्होंने अपने जीवन काल दौरान कई सम्मान और पुरस्कार भी जीते। उनका जन्म शकरगढ़ पंजाब (अब पाकिस्तान) में हुआ था। शकरगढ़ में प्राथमिक स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय में अध्ययन किया। उन्होंने खालसा कॉलेज से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की और पंजाब विश्वविद्यालय से एल.एल.बी. किया।