जालंधर में आज पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को जिला प्रशासन ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। लाडोवाली और सुपर मॉडल बूथ हंसराज कन्या महाविद्यालय में जहां डिप्टी कमिशनर ने खुद प्रशंसा पत्र दिए वहीं पर शेष जहां अलग-अलग रिटर्निंग अधिकारियों ने युवाओं का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया।

जालंधर के सुपर मॉडल बूथ पर तो पहली बार वोट के अधिकार का इस्तेमाल करने वालों को वेरका की मीठी लस्सी और दूध भी पिलाकर उनकी हौसला अफजाई की गई। इसी तरह से दिव्यांगता को दरकिनार कर हिम्मत दिखा सुपर मॉडल बूथ पर पहुंचे दिव्यांग मतदाताओं को विशेष रूप से हंस राज कन्या महाविद्यालय के मुख्य गेट से मतदान केंद्र तक व्हील चेयर पर ले जाया गया। उनकी हौसला अफजाई के लिए उन्हें पौधा लगा गमला भेंट किया गया तथा साथ ही उन्हें भी बेरका के दूध और मीठी लस्सी पिलाई गई।

लाडोवाली में डाली डीसी ने वोट

डीसी घनश्याम थोरी ने अपनी वोट के अधिकारी का इस्तेमाल अपने परिवार के साथ लाडोवाली पोलिंग बूथ पर पहुंच कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ज़िले में वोटिंग को उचित ,स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग के साथ पूरा करने के लिए प्रशासन की तरफ से 20,000 से अधिक सिवल और पुलिस कर्मचारी तैनात किये गए हैं, जिनमें पोलिंग स्टाफ, आरओज़ के साथ तैनात स्टाफ, निगरान टीमों के मैंबर और पुलिस कर्मचारी शामिल है।इसके इलावा सभी पोलिंग स्टेशनो पर ज़रुरी प्रबंधों और सुविधाएँ यकीनी बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि ज़िले के सभी 1975 पोलिंग बूथों पर सौ प्रतिशत वैबकास्टिंग की जा रही है और किसी भी किस्म की शक्की गतिविधि की रिपोर्ट करने के लिए सभी पोलिंग लोकेशनो पर माईक्रो अबज़रवर भी तैनात किये गए हैं। इस मौके उन्होंने पहली बार वोट देने वाले वोटरों को सम्मानित किया।