बठिंडा में मंगलवार देर शाम एक दुखद घटना में 56 वर्षीय जोरावर सिंह उर्फ हैप्पी गिल की गोली लगने से मौत हो गई। वह अजीत रोड, गली नंबर 6 के निवासी थे और अपने पीछे पत्नी व दो बेटियों को छोड़ गए हैं, जो फिलहाल कनाडा में पढ़ाई कर रही हैं।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार जोरावर सिंह अपने घर में अपनी लाइसेंसी बंदूक साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई। गोली इतनी नजदीक से चली कि उनके चेहरे को गंभीर चोटें आईं और कमरे की छत पर खून के निशान दिखाई दिए।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइंस की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह संधू ने बताया कि फिलहाल यह प्रारंभिक जानकारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच की जा रही है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।