पंजाब के मुख्यमंत्री भवगंत मान और उनके मंत्रियों का दिल्ली दौरा रद्द हो गया। अब भगवंत मान तीन दिन बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पार्टी की ओर से उनके दौरे को लेकर यह जानकारी दी गई है। हालांकि इसके पीछे की वजह को सार्वजनिक नहीं किया गया है। पंजाब में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए, मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य के शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ सोमवार को दिल्ली के सरकारी स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों का दौरा करना था। मुख्यमंत्री मान के साथ राज्य के शिक्षा और स्वास्थ्य सचिव को भी रवाना होना था।
उनके इस दौरे की जानकारी गत सप्ताह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी थी। उन्होंने कहा था कि उनके पंजाब समकक्ष मान और उनके कर्मचारी शिक्षा में सुधार देखने के लिए दिल्ली के सरकारी स्कूलों का दौरा करेंगे। उनकी टिप्पणी के कुछ दिनों बाद विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि केजरीवाल द्वारा मान की अनुपस्थिति में राज्य के शीर्ष नौकरशाहों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में बैठक करने के बाद पंजाब सरकार को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए से चलाया जा रहा है।
हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने लोगों से वादा किया था कि पंजाब में विश्व स्तरीय सुविधा वाले स्कूलों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पार्टी के नेताओं ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों की मिसाल दी थी। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि पंजाब में 16 हजार पिंड और मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे। यह सारी सुविधाएं दिल्ली की तर्ज पर की जाएंगी। अब सरकार को एक माह हो चुका है इसी क्रम में मुख्यमंत्री मान शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए हैं।