अपने ही गढ़ में घिरे नवजोत सिंह सिद्धू, नैया पार लगाने चरणजीत सिंह चन्नी का सहारा

Punjab Election 2022: सिद्धू के पक्ष में रोड शो करते चरणजीत सिंह चन्नी। फोटो- जागरण

 अमृतसर/तरनतारन/गुरदासपुर। Punjab Election 2022: चरणजीत सिंह चन्नी को विधानसभा चुनाव में सीएम चेहरा घोषित होने से नाराज पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी वीरवार को चन्नी के चेहरे पर अपनी चुनावी नैया पार लगाने की कवायद में दिखे।

विभिन्न मंचों पर अकसर चन्नी-सिद्धू के हावभाव एक-दूसरे के खिलाफ रहे हैं, पर वीरवार को दोनों रोड शो में एक घंटा गाड़ी पर साथ रहे। सिद्धू के हलके अमृतसर पूर्वी में निकाले गए रोड शो में पांच किलोमीटर तक एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान चन्नी ने सिद्धू के पक्ष में प्रचार किया। बता दें कि विधानसभा हलके अमृतसर पूर्वी में मुकाबला शिअद महासचिव बिक्रम मजीठिया के साथ होने के बाद सिद्धू अपने हलके में बंध गए हैं।

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने तरनतारन और गुरदासपुर में चुनावी सभाओं में आप व शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधा। चन्नी ने कहा कि मान ने शराब नहीं छोड़ी पर अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मान मेरे साथ कैसे मुकाबला कर सकते हैं। मैं पीएचडी कर रहा हूं और मान को 12वीं पास करने के लिए भी तीन साल लग गए। ऐसा व्यक्ति राज्य का मुख्यमंत्री कैसे बन सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह विरोधी पार्टियों के झांसे में आर पंजाब का भविष्य न खराब करें।

भइया विवाद पर चरणजीत सिंह ने कहा कि पंजाब के विकास में प्रवासियों की अहम भूमिका रही है। मेरी बात को गलत ढंग से पेश किया गया है। केजरीवाल पंजाब को बर्बाद करना चाहता है। मैंने यह बात अरविंद केजरीवाल और दुर्गेंश पांडे के लिए कही थी, जिसे गलत ढंग से पेश किया गया। ये लोग पंजाब पर राज करना चाहते है। उन्होंने कहा कि वह अपनी दोनों सीटों पर 25 हजार से अधिक के मार्चेज से जीतेंगे।

सिद्धू और मजीठिया के बीच फंसे हुए हार-जीत के मसले को लेकर सिद्धू के डोर टू डोर अभियान में इकट्ठे हुए वर्करों ने खूब चटकारे लिए। जब पास से गुजर रहे प्रचार वाहन ने आवाज आई कि घर-घर च चल्ली गल्ल, चन्नी करदा मसले हल, तो उनके साथ चल रहे कांग्रेसी वर्कर कहने लगे कि मजीठिया सिद्धू के बीच बने हुए मसले का भी चन्नी सिद्धू के पक्ष में हल करेंगे।

सात मिनट देरी से समाप्त हुआ चन्नी का भाषण, नोटिस जारी

धर्मकोट से कांग्रेस प्रत्याशी सुखजीत सिंह काका लोहगढ़ के पक्ष में रैली को संबोधित करने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी निर्धारित समय से छह घंटे देरी से पहुंचे। चन्नी ने सिर्फ 10 मिनट में अपना भाषण रात को 10: 07 बजे समाप्त किया। आचार संहिता के अनुसार रात दस बजे के बाद चुनाव प्रचार नहीं किया जा सकता है। इसी के आधार पर धर्मकोट की निर्वाचन अधिकारी डा. चारूमिता ने चन्नी को आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में नोटिस जारी किया है।