चंडीगढ़। बाढ़ संकट से जूझ रहे पंजाब को केंद्र सरकार से मदद की आस है। प्रदेश में लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों से आई बाढ़ ने हालात गंभीर बना दिए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा के समय केंद्र को राज्य की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद केंद्र से विशेष राहत पैकेज की औपचारिक मांग की जाएगी।
राज्य के जल संसाधन मंत्री बरिंद्र कुमार गोयल ने कहा कि इस कठिन समय में राजनीतिक मतभेद भुलाकर सभी दलों को एकजुट होकर पीड़ितों की मदद करनी चाहिए और केंद्र से सहयोग की उम्मीद है।
इसी बीच, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तत्काल केंद्रीय सहायता की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंजाब देश की खाद्य सुरक्षा और अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी इलाकों में तेज वर्षा के कारण यहां बाढ़ से भारी तबाही मची है। सीमावर्ती इलाके सबसे अधिक प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। जाखड़ ने केंद्र से मूल्यांकन टीम भेजने और विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने का आग्रह किया है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित गांवों और किसानों के लिए तत्काल पैकेज की मांग की है। वहीं, शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने किसानों को राहत देने के लिए उनके कृषि ऋण पर एक साल का ब्याज माफ करने की मांग रखी है।