बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क किनारे खड़े मां और बेटे को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जन्मदिन की दावत से लौटते समय हुआ हादसा

सीबीगंज थाना क्षेत्र के पस्तोर गांव निवासी जानकी प्रसाद अपनी पत्नी प्रीति (35) और 10 वर्षीय बेटे प्रशांत के साथ बिशारतगंज के नूरपुर गांव स्थित अपने साढ़ू विजय पाल के घर उनकी जुड़वां बेटियों के जन्मदिन में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय रात लगभग 9 बजे वे भमोरा क्षेत्र के कोनी मोड़ के पास सरदारनगर पुलिया के निकट रुके, जहां एक मंदिर में भंडारे का आयोजन चल रहा था।

जानकी प्रसाद बाइक को सड़क किनारे खड़ा कर लघुशंका के लिए खंती की ओर चले गए। इस दौरान उनकी पत्नी प्रीति और बेटा प्रशांत बाइक के पास खड़े थे। तभी पीछे से आ रहे एक तेज गति वाले टैंकर ने दोनों को बाइक समेत रौंद डाला।

चालक को लोगों ने दबोचा, नशे में था

दर्दनाक दृश्य देखकर जानकी प्रसाद बदहवास हो गए। उनकी आंखों के सामने ही पत्नी और बेटे की जान चली गई। टैंकर चालक घटनास्थल से वाहन लेकर फरार होने की कोशिश में था, लेकिन पास में मौजूद एंबुलेंस के चालक व अन्य लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और भमोरा थाना पुलिस को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक नशे की हालत में था।

परिवार में मचा कोहराम

जानकी प्रसाद ने बताया कि उन्हें इस बात का अंदेशा भी नहीं था कि एक सामान्य विराम उनके पूरे परिवार को तोड़ देगा। उनका बेटा प्रशांत इकलौता वारिस था, जबकि उनकी एक बेटी और है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “अगर मुझे पता होता कि इस तरह का हादसा हो जाएगा, तो मैं बाइक वहीं कभी नहीं रोकता।”