हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र स्थित छानी खुर्द गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गांव के पास बने तालाब में नहाने के दौरान सगे भाई-बहन समेत तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में मातम का माहौल छा गया।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पार्वती अपने तीन बच्चों शिवेंद्र (10 वर्ष), रुद्रांश (8 वर्ष) और मांडवी (5 वर्ष) के साथ तालाब पर कपड़े धोने गई थीं। जब वह तालाब किनारे कपड़े साफ कर रही थीं, उसी दौरान बच्चे पानी में नहाने लगे। खेलते-खेलते तीनों बच्चे तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गए और देखते ही देखते डूबने लगे।

कुछ समय तक बच्चों का पता न चलने पर आसपास मौजूद लोगों को आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में तलाश शुरू की और काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत उपचार के लिए छानी बुजुर्ग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिसर से लेकर गांव तक हर ओर गम का माहौल दिखाई दिया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मौदहा क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार बच्चे अपनी मां के साथ तालाब पर गए थे और नहाने के दौरान हादसे का शिकार हो गए। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

इस हृदयविदारक घटना ने एक मां से उसके दो बेटे और एक बेटी छीन लिए। सुबह तक बच्चों की चहल-पहल से गूंजने वाला घर कुछ ही घंटों में सन्नाटे में बदल गया। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को प्रभावित परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।