अमरोहा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली–बरेली हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गजरौला क्षेत्र में ब्रजघाट के पास सुबह करीब चार बजे हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रही एक कार आगे चल रहे किसी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद दूसरा वाहन मौके से फरार हो गया।

इस दुर्घटना में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें से तीन की पहचान हो चुकी है। मृतकों में रामपुर निवासी कार चालक मोहम्मद सलमान, तथा पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन (दरियापुर) निवासी हसनैन और समरतुल शामिल हैं। चौथे मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। वहीं घायल दो लोग बेहोशी की हालत में हैं, जिनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ होगा। बताया जा रहा है कि कार चला रहे सलमान की बांह पर ‘फरमान’ गुदा हुआ है, जिससे उनकी पहचान में मदद मिली। घटना के बाद पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक सभी मृतकों और घायलों की पहचान व पते की पुष्टि के लिए रामपुर और पश्चिम बंगाल पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के रहने वाले ये लोग किस उद्देश्य से यात्रा कर रहे थे।