बागपत: एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित कृष्णा कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय मनोज श्रीवास्तव देहरादून में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। वह सोमवार सुबह अपनी कार से देहरादून की ओर जा रहे थे।

करीब सुबह चार बजे खेकड़ा क्षेत्र के डूंडाहेड़ा के पास एलिवेटेड मार्ग पर आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही मनोज श्रीवास्तव की कार नियंत्रण खो बैठी और आगे चल रहे वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर ही हो गई मौत

हादसे के कुछ ही समय बाद मनोज श्रीवास्तव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के पहुंचने पर शव को कार से निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया गया।

परिजनों को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जांच अधिकारी एवं कार्यवाहक इंचार्ज ओमप्रकाश सिरोही ने बताया कि एलिवेटेड मार्ग पर हुए इस हादसे में इंदौर निवासी मनोज श्रीवास्तव की मौत हुई है। परिजनों को सूचित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।