ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब स्कूल जा रही एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस घटना में वैन में सवार सात बच्चों को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 7:20 बजे हुई। एबीएस स्कूल की वैन चालक राकेश बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन जतिन भाटी गोल चक्कर और हुंडई शोरूम के बीच यू-टर्न के पास पहुंचा, तभी अचानक सामने एक बाइक आ गई।

बाइक सवार को बचाने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वैन सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद वैन में बैठे बच्चों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

मौके से गुजर रहे राहगीर सुनील, उनकी पत्नी और भाई सुधीर ने तुरंत स्थिति संभाली, पुलिस को सूचना दी और बच्चों को वैन से बाहर निकाला।

सभी बच्चों को पास के सीआरएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। हालत सामान्य होने के बाद अभिभावक बच्चों को अपने साथ घर ले गए।

सूचना मिलने पर एबीएचओ पुलिस चौकी प्रभारी उदयवीर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वैन और चालक दोनों स्कूल के ही हैं। फिलहाल किसी अभिभावक की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि हादसा बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन के नियंत्रण खोने से हुआ।