गाजियाबाद के कविनगर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार रात एक फैक्टरी में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के अनुसार, स्वदेशी कंपाउंड में स्थित कृष्णा पॉलिमर फैक्टरी में ट्रांसफार्मर पार्ट्स का निर्माण कार्य होता है। शनिवार रात लगभग 8:15 बजे फैक्टरी के ग्राउंड फ्लोर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
घटना के तुरंत बाद मौजूद कर्मचारियों ने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और कुछ ही समय में उस पर नियंत्रण पा लिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के समय फैक्टरी मालिक अजय कुमार भाटिया भी मौके पर मौजूद थे।