मिर्जापुर। जनपद के विंध्याचल धाम पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने सपरिवार मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वो मीडिया से मुखातिब हुए और विभिन्न मामलों पर खुलकर अपनी राय जाहिर की।
‘गलत रास्ते का होता है गलत अंजाम’
मनोज तिवारी ने माफिया अतीक अहमद की पत्नी को लेकर कहा कि इस पर कानून अपना काम कर रहा है। उत्तर प्रदेश में जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास बढ़ा है। अतीक की पत्नी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कानून पर छोड़ देना चाहिए। मुख्यमंत्री अपना काम कर रहे हैं। कोर्ट अपना काम कर रही है। पुलिस अपना काम कर रही है। बहुत जल्द ही रिजल्ट आएगा। उन्होंने कहा कि हम सभी को इस मामले को देखते हुए सत्य के रास्ते पर चलना चाहिए। लॉ एंड आर्डर बनाकर चलना चाहिए। गलत रास्ता किसी को नहीं पकड़ना चाहिए। क्योंकि गलत रास्ते का अंजाम गलत होता है।
सांसद मनोज तिवारी ने बेटियों का कराया मुंडन संस्कार
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी रविवार को मिर्जापुर के विश्व प्रसिद्ध विंध्याचल धाम पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपनी दो बेटियों का मुंडन संस्कार कराया। उनकी बेटियों के नाम शान्विका तिवारी, जिसकी उम्र 2 साल 4 महीने है। जबकि दूसरी का नाम मनोज्ञा तिवारी, जिसकी उम्र 4 महीने है। मनोज तिवारी ने कहा कि हमारे घर की मां विंध्यवासिनी देवी कुलदेवी हैं। जो भी शुभ काम किया जाता है, मां के दरबार से ही किया जाता है। आज हमारे लिए बहुत बड़ा दिन है।
निर्माणाधीन विंध्य कॉरिडोर को लेकर उन्होंने कहा कि बहुत भव्य कॉरिडोर बनेगा। आने वाले समय में यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। यह कॉरीडोर बन जाने के बाद मां के दरबार में लोगों का हाजिरी लगाना आसान हो जाएगा। देश-विदेश के पर्यटक आने से यहां आम लोगों के लिए और क्षेत्र का विकास भी जोर पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।