मेरठ: किठौर क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध हथियार बनाने की एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। कासमपुर–माछरा मार्ग पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मौके से पांच तमंचे, कई अधबने हथियार और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध तमंचा लेकर कासमपुर–माछरा मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रोहताश, निवासी कासमपुर के रूप में बताई और स्वीकार किया कि वह अवैध हथियार बनाकर उन्हें बेचने का काम करता है।
इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कासमपुर–माछरा मार्ग के जंगल क्षेत्र में छापा मारा, जहां से चार तैयार तमंचे, अधबने हथियार और बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण उपकरण बरामद किए गए।
सीओ प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रोहताश के खिलाफ पहले से भी अवैध हथियार रखने के तीन मामले दर्ज हैं।