मेरठ: सरधना थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 12 दिन बाद कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया।
मोहल्ला किला खेवान की रहने वाली गुलफ्शा की मौत 31 मार्च को संदिग्ध हालात में हुई थी। शुरुआती तौर पर शव को दफना दिया गया था, लेकिन मायके पक्ष की शिकायत के बाद अब दोबारा जांच शुरू की गई है।
गुलफ्शा की शादी करीब सात महीने पहले बिनोली निवासी नवाबुद्दीन के परिवार में हुई थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था, जिसके चलते उसकी जान गई।
मामले के बढ़ने पर जिला प्रशासन हरकत में आया और जिलाधिकारी के आदेश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया को निगरानी में पूरा कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।