मुजफ्फरनगर। रामराज थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने साहस और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग की जान बचा ली। बैराज स्थित गंगा पुल से मानसिक तनाव के चलते एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने गंगा नदी में छलांग लगा दी, जिसे समय रहते पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, गंगदाशपुर निवासी रणवीर पुत्र भोलार सिंह मानसिक तनाव के चलते शुक्रवार दोपहर गंगा बैराज पुल पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वे कुछ ही क्षणों में अचानक नदी में कूद गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


घटना की सूचना मिलते ही चौकी बैराज पर तैनात हेड कांस्टेबल कपिल कुमार और कांस्टेबल राजकुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों पुलिसकर्मी बिना देरी किए गंगा नदी में कूद पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस ने बाहर निकालने के बाद बुजुर्ग को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और उनके परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।


इस त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने पुलिस की तत्परता और साहस की सराहना की। परिजनों ने कहा कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।