मुजफ्फरनगर में आधार सेवाओं को लेकर लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब आधार कार्ड बनवाने या उसमें किसी भी तरह का सुधार कराने के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की ओर से रुड़की रोड स्थित दीपक पैलेस, नानकी हॉस्पिटल के सामने जिले का पहला अधिकृत आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिया गया है।

जिला प्रशासन के मुताबिक यह केंद्र पूरी तरह से कार्यरत है और यहां आधार से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस केंद्र की क्षमता प्रतिदिन करीब 600 आवेदनों के निस्तारण की है। यहां नया आधार नामांकन, नाम-पता सुधार, जन्मतिथि और लिंग अपडेट, मोबाइल नंबर व ई-मेल बदलाव के साथ-साथ फोटो और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सेवाएं भी दी जा रही हैं।

प्रशासन ने बताया कि इस केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है और इसकी कार्यप्रणाली को पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर विकसित किया गया है। लोगों की सुविधा के लिए एक हेल्प डेस्क भी बनाई गई है, जहां प्रशिक्षित कर्मचारी आवेदकों को जरूरी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराते हैं।
यह आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुला रहेगा। यहां केवल UIDAI द्वारा तय मानक शुल्क ही लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आधार संबंधी कार्यों के लिए केवल अधिकृत केंद्रों का ही उपयोग करें और किसी भी स्थिति में निर्धारित शुल्क से अधिक भुगतान न करें।