मुजफ्फरनगर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विकास चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (सोल्जर बोर्ड) के मानेकशॉ सभागार में लगाई गई है। दूसरे दिन इस प्रदर्शनी का अवलोकन पूर्व बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने किया।

प्रदर्शनी के दौरान पूर्व विधायक उमेश मलिक ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य आम जनता को सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं से अवगत कराना है, ताकि लोग उनसे सीधे लाभ उठा सकें।


उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, जनधन योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम सूर्यघर योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना सहित कई प्रमुख योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी साबित हो रही हैं।

पूर्व विधायक ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करें।


कार्यक्रम के दौरान उमेश मलिक और अन्य अतिथियों ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया और श्रद्धांजलि दी। प्रदर्शनी में लगाए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने उत्साहपूर्वक फोटो भी खिंचवाई।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।