मुजफ्फरनगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलेभर में योग सप्ताह के तहत अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक योग सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस लाइन सहित कई केंद्रों पर योगाभ्यास कराया गया।

पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य सत्र में योग प्रशिक्षक योगेश कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस दौरान पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए और नियमित योग के महत्व को समझा।


क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसम पाल ने जानकारी दी कि योग सप्ताह के तहत वैदिक पुत्री डिग्री कॉलेज (नई मंडी), खतौली तहसील और पौराणिक स्थल शुक्रतीर्थ में भी योग सत्र आयोजित किए गए हैं। साथ ही जनपद के सभी राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में भी नियमित योग अभ्यास जारी है।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में ग्राम प्रधानों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग सत्रों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें।


मुख्य योग दिवस कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन 21 जून को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चौधरी चरण सिंह स्टेडियम, मेरठ रोड में होगा। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।