लखनऊ/दिल्ली। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि अरावली पहाड़ियों को बचाना सिर्फ विकल्प नहीं बल्कि संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अरावली बचेगी तो ही दिल्ली और एनसीआर की हरी-भरी जीवनशैली सुरक्षित रहेगी।

यादव ने अपने संदेश में बताया कि अरावली दिल्ली और एनसीआर के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच की तरह काम करती है। यह न केवल वायु प्रदूषण को कम करती है और बारिश-पानी को नियंत्रित करती है, बल्कि जैव विविधता और गायब हो रहे परिंदों की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अरावली के विनाश से दिल्लीवासी स्मॉग और प्रदूषण जैसी जानलेवा स्थितियों से बाहर नहीं निकल पाएंगे। इसके असर से बुजुर्ग, बच्चे और बीमार सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे, साथ ही अस्पताल और मेडिकल सेवाओं पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि यदि अरावली बचाने के प्रयास नहीं किए गए, तो दिल्ली आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में अपनी अहमियत खो देगी। पर्यटन, बड़े आयोजन, खेल प्रतियोगिताएं और यहां की व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होंगी। उन्होंने सभी नागरिकों, स्कूलों, कारोबारियों और मीडिया से अपील की कि वे ‘अरावली बचाओ’ अभियान का हिस्सा बनें।

सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध खनन को वैध बनाने की साज़िश और जमीन की भूख दिल्ली को दुनिया की ‘प्रदूषण राजधानी’ बना सकती है। उन्होंने कहा कि जनता और जनमत की ताकत से इसे रोका जा सकता है।